• Home
  • News
  • Uttarakhand: Life taken after being pushed on the road—all for a mere 600 rupees! CCTV footage reveals the truth behind an unclaimed body; two suspects arrested.

उत्तराखण्डः महज 600 रुपये के लिए सड़क पर धक्का देकर ले ली जान! सीसीटीवी फुटेज से खुला लावारिस शव का राज, दो आरोपी गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • October 26, 2026 10:10 AM
Uttarakhand: Life taken after being pushed on the road—all for a mere 600 rupees! CCTV footage reveals the truth behind an unclaimed body; two suspects arrested.

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले लावारिस शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक को लूटपाट के इरादे से निशाना बनाया गया था। आरोप है कि उसका पीछा कर रहे दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की और सड़क पर धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अशरफ उर्फ काला और सफदर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सेवला खुर्द में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए।

पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक ने मृतक के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटकर वे सड़क पर पड़े व्यक्ति को देखते हुए भी दिखाई दिए। इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज की जांच की। साथ ही 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसके बाद मिली जानकारी और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते थे। वे अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों का पीछा कर सुनसान जगह पर उनसे रुपये और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे। पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें मृतक नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। आरोप है कि दोनों उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द पहुंचे, जहां सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट की और 600 रुपये छीन लिए। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। आरोपियों के बयान के अनुसार, कुछ देर बाद लौटने पर उन्हें उसके मृत होने का पता चला, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।


संबंधित आलेख: