उत्तराखण्डः हरिद्वार में हैवानियत की हदें पार! 11 माह की मासूम से दुष्कर्म के बाद आरोपी फरार, तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के शहर कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में मासूम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से देवरिया (यूपी) निवासी एक व्यक्ति हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं और अपने परिवार के साथ यहीं रहते हैं। कुछ दिन पूर्व ही भागलपुर (बिहार) निवासी सौरभ नाम का युवक भी उसी फैक्ट्री में काम करने के लिए आया था और उसने पीड़ित परिवार के पास ही किराए का कमरा लिया हुआ था। रविवार देर रात जब बच्ची की मां घर में खाना बना रही थी, तभी 11 माह की मासूम रोने लगी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सौरभ ने बच्ची को चुप कराने के बहाने अपनी गोद में उठाया और बहलाकर अपने कमरे में ले गया। कुछ ही देर बाद कमरे से बच्ची के जोर-जोर से चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर मां घबराकर दौड़ी और कमरे में पहुंची, जहां मासूम बदहवास हालत में मिली। मां को आता देख आरोपी सौरभ मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर फरार आरोपी सौरभ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।