उत्तराखण्डः पिथौरागढ़ के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बड़ा हादसा! लैब में अचानक धधकी आग, दो छात्राएं झुलसीं, एक हल्द्वानी रेफर
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में आज एक बड़ा हादसा हो गया, यहां राजकीय पॉलिटेक्निक मूनाकोट में प्रैक्टिकल के दौरान लैब में आग भड़कने से फार्मेसी की दो छात्राएं झुलस गईं। वहीं धुएं से एक अन्य छात्र की तबीयत भी बिगड़ गई। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से 30 फीसदी झुलसी एक छात्रा को एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया है। हादसे का कारण लैब में स्पिरिट लैंप से ज्यादा मात्रा में इथेनॉल फ्यूल गिरना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक राजकीय पॉलिटेक्निक मूनाकोट में पहली बार फार्मेसी पढ़ाई जा रही है। मंगलवार यानी 30 सितंबर की सुबह 10 बजे से 12 छात्रों का लैब में प्रैक्टिकल चल रहा था। जहां तीन छात्र-छात्राएं प्रियंका ओली, सिमरन दिगारी और निखिल कुमार एक ग्रुप में प्रैक्टिकल कर रहे थे। तभी एक छात्रा ने स्पिरिट लैंप में इथेनॉल फ्यूल डाला तो अचानक आग भड़क उठी। आग से प्रियंका और सिमरन झुलस गईं, जबकि मुंह में धुंआ घुसने से निखिल की तबीयत बिगड़ गई। जिससे लैब में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य रवींद्र कुमार नरियाल आनन-फानन में तीनों को कार से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में झुलसी छात्राओं में से प्रियंका ओली की हालत ज्यादा खराब हो गई थी। ऐसे में उसे गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। जिस पर जिला अस्पताल में भर्ती छात्रा प्रियंका को परिजन हायर सेंटर ले गए।