• Home
  • News
  • Uttarakhand: Major action by the SIT in the Rekha Arya case! Minister’s statement recorded; alleged audio sent to FSL.

उत्तराखण्डः रेखा आर्या प्रकरण में एसआईटी का बड़ा एक्शन! मंत्री के बयान दर्ज, कथित ऑडियो एफएसएल भेजा गया

editor
  • Awaaz Desk
  • October 20, 2026 11:10 AM
 Uttarakhand: Major action by the SIT in the Rekha Arya case! Minister’s statement recorded; alleged audio sent to FSL.

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद में जांच तेज हो गई है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम यानी  एसआईटी ने रेखा आर्या के बयान दर्ज किए हैं। इसके साथ ही प्रकरण से संबंधित कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी सुरक्षित कर लिया गया है। अब इस रिकॉर्डिंग को परीक्षण के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल भेजा गया है, ताकि उसकी प्रामाणिकता और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, रेखा आर्या की शिकायत पर देहरादून की कैंट कोतवाली में उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में रेखा आर्या ने मारपीट, उत्पीड़न, शादी के समय पहली शादी की जानकारी छिपाने, अन्य महिलाओं से संबंध रखने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। इस पूरे प्रकरण में कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को अहम माना जा रहा है। एसआईटी ने संबंधित रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए एफएसएल भेजने की प्रक्रिया अपनाई है। फॉरेंसिक जांच के जरिए रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता, उसमें मौजूद आवाज और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा सकती है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में कितनी विश्वसनीय है। फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि बीती 15 सितंबर को रेखा आर्य ने   सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में वह भावुक होकर रोती नजर आई थीं। इसके साथ ही उन्होंने दो ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की थीं, जिनके बारे में उन्होंने दावा किया था कि उनमें उनके पति की आवाज है। कथित रिकॉर्डिंग में एक महिला से बातचीत और रेखा आर्य को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई थी। रेखा आर्य का कहना था कि शादी के समय उन्हें गिरधारी लाल साहू की पहली शादी और बच्चों के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने पति पर अन्य महिलाओं से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका विरोध करने पर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी गई।

साहू ने लगाया था 210 करोड़ की कथित संपत्ति का आरोप 
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब गिरधारी लाल साहू ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रेखा आर्य पर कथित तौर पर 210 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। उन्होंने इन आरोपों को लेकर सवाल उठाए। इसके जवाब में रेखा आर्य ने अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अपनी बात रखते हुए आरोपों को निराधार बताया और जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास प्रमाण हैं, तो उन्हें सामने लाया जाना चाहिए। 


संबंधित आलेख: