उत्तराखंडः नैनीताल में INDIA गठबंधन का बड़ा ऐलान! SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ की तैयारी
नैनीताल। इंडिया गठबंधन ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसी क्रम में नैनीताल में गठबंधन के नेताओं ने प्रेस वार्ता कर आंदोलन की रणनीति की जानकारी दी। गठबंधन की ओर से ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने, मतदाता सूची में पारदर्शिता और नाम हटाने से पहले नोटिस व अपील की व्यवस्था समेत छह प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इंडिया गठबंधन की राष्ट्रीय बैठक में तय रणनीति के तहत दो से आठ अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ आयोजित किए जाने की बात कही गई है। नैनीताल जिले में भी गठबंधन के घटक दलों की बैठकें कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। गठबंधन नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस और अपील का अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही नए और युवा मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने की मांग भी उठाई गई है। गठबंधन नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं और चुनाव प्रक्रिया में संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। नैनीताल जिले में दो अक्टूबर को प्रेस वार्ता के बाद तीन अक्टूबर को सभी ब्लॉकों में बैठकें आयोजित करने और चार अक्टूबर को रामनगर में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकालने की घोषणा की गई है। इसमें जिलेभर से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। साथ ही अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगने और देश के अलग-अलग हिस्सों में पांच संयुक्त रैलियां आयोजित करने की रणनीति भी बताई गई। एक नवंबर को दिल्ली में बड़ी मेगा रैली भारी संख्या में प्रतिभा करने की बात कही है।