उत्तराखण्डः नैनीताल में पारिवारिक कलह से टूटा शख्स! कीटनाशक पीकर उठाया खौफनाक कदम, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
नैनीताल। नैनीताल जिले के तल्ला रामगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक क्लेश से परेशान एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार तल्ला रामगढ़ निवासी प्रेम थापा ने पारिवारिक विवाद के चलते कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया। परिजनों ने उनकी तबीयत बिगड़ती देख उन्हें तत्काल रामगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बीडी पांडे, नैनीताल रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल मरीज की स्थिति में सुधार हो रहा है। मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दे दी गई है।