• Home
  • News
  • Uttarakhand: Man was preparing to take a second bride; girlfriend intervenes just in time by reaching the police outpost and putting a stop to his plans.

उत्तराखण्डः दूसरी दुल्हन लाने की तैयारी में था प्रेमी! ऐन वक्त पर चौकी पहुंचकर प्रेमिका ने बिगाड़ा खेल

editor
  • Awaaz Desk
  • November 23, 2026 06:11 AM
 Uttarakhand: Man was preparing to take a second bride; girlfriend intervenes just in time by reaching the police outpost and putting a stop to his plans.

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में निकाह का वादा कर मुकरने वाले एक युवक की बारात निकलने से ऐन पहले प्रेमिका ने पुलिस चौकी पहुंचकर मोर्चा खोल दिया। युवती ने प्रेमी पर पिछले छह वर्षों से निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला लक्सर कोतवाली के अंतर्गत सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ साल 2020 से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते करीब छह सालों से दोनों के बीच नजदीकियां थीं। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया और निकाह करने का पक्का वादा किया था। इसी भरोसे पर उसने युवक के साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन वह लगातार शादी की बात को आगे बढ़ाता रहा। युवती ने बताया कि पिछले करीब तीन महीने से प्रेमी के व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा था। वह निकाह की बात पर लगातार टालमटोल कर रहा था, हालांकि दूसरी ओर वह फोन कर युवती को मिलने के लिए भी बुलाता रहता था। हैरानी की बात यह है कि घटना से एक दिन पूर्व भी आरोपी युवक ने युवती को फोन कर मिलने के लिए बुलाने की बात कही थी। इसी बीच युवती को कहीं से जानकारी मिली कि उसका प्रेमी 24 नवंबर को किसी दूसरी युवती के साथ निकाह करने जा रहा है और उसकी बारात की तैयारियां चल रही हैं। यह खबर सुनते ही युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस युवक के साथ उसने जीवन बिताने के सपने संजोए थे, उसे किसी और का होते देख युवती सीधे सुल्तानपुर पुलिस चौकी जा पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंप दी। चौकी में युवती उसी युवक से निकाह करने की अपनी जिद पर अड़ी रही। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उसे समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह न्याय की मांग पर कायम रही। उधर, शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया, लेकिन वह खुद नहीं पहुंचा और उसकी जगह कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। मामले में सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवती की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: