• Home
  • News
  • Uttarakhand: Massive poplar tree collapses amidst torrential rain in Nainital! Power line snapped, town's electricity supply disrupted.

उत्तराखण्डः नैनीताल में मूसलाधार बारिश के बीच गिरा विशालकाय पॉपुलर का पेड़! बिजली लाइन टूटी, नगर की विद्युत व्यवस्था प्रभावित

editor
  • Awaaz Desk
  • June 30, 2026 10:06 AM
Uttarakhand: Massive poplar tree collapses amidst torrential rain in Nainital! Power line snapped, town's electricity supply disrupted.

नैनीताल। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। नैनीताल में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के बीच मस्जिद तिराहा से कालाढूंगी मार्ग पर स्थित मेट्रोपोल क्षेत्र के समीप करीब सौ वर्ष पुराना विशाल पॉपुलर का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ गिरने से विद्युत लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते नगर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर पहले ही पूर्वानुमान जारी किया गया था। देर रात से लगातार हो रही बारिश के बीच तेज हवाओं के दबाव को विशालकाय पॉपुलर का पेड़ सहन नहीं कर सका और अचानक सड़क की ओर गिर पड़ा। पेड़ सड़क के आर-पार गिरा, लेकिन सौभाग्य से यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ। हालांकि पेड़ की चपेट में आने से बिजली के खंभे और विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का अभियान शुरू कर दिया। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सड़क से पेड़ हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उधर, विद्युत विभाग के कर्मचारी भी आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइन को बदलने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहने पर जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
 


संबंधित आलेख: