उत्तराखंडः राहुल गांधी की बयानबाजी पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उठाए सवाल! बाइक-स्कूटी रेंटल कारोबार कर रहे स्थानीय युवाओं की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
भीमताल। कुमाऊं मंडल विकास निगम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कैड़ा ने कहा कि राहुल गांधी किसी का सम्मान नहीं करते और गलत बयानबाजी करते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। वहीं, टैक्सी और बाइक रेंटल कारोबार से जुड़े स्थानीय युवाओं की समस्याओं को लेकर मंत्री ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि लोन लेकर स्कूटी और बाइक रेंटल का व्यवसाय कर रहे स्थानीय युवाओं को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने जहां कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला, वहीं स्थानीय युवाओं के रोजगार और कारोबार से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।