• Home
  • News
  • Uttarakhand: Minor dispute turns deadly! Shahnawaz murder case in Rudrapur solved; accused Taufiq alias Golu arrested.

उत्तराखण्डः मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप! रुद्रपुर में शाहनवाज हत्याकाण्ड का खुलासा, आरोपी तौफीक उर्फ गोलू गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • August 15, 2026 12:08 PM
Uttarakhand: Minor dispute turns deadly! Shahnawaz murder case in Rudrapur solved; accused Taufiq alias Golu arrested.

रुद्रपुर। खेड़ा क्षेत्र में युवक शाहनवाज की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को खेड़ा स्थित ईदगाह मैदान में दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने शाहनवाज के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में शाहनवाज गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजन फरमान की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तौफीक उर्फ गोलू पुत्र स्वर्गीय शाहिद अली, निवासी वार्ड नंबर 18, खेड़ा रुद्रपुर की तलाश शुरू की। पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपी को एफएसएल रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और आरोपी ने ईंट से शाहनवाज के सिर पर हमला कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में चौकी प्रभारी रम्पुरा दीपक कौशिक, एसआई धीरज टम्टा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।


संबंधित आलेख: