उत्तराखण्डः डिब्बे में फंस गया मॉनिटर लिजर्ड का सिर! शिक्षिका और युवक ने रेस्क्यू कर बचाई जान, सामने आया वीडियो
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र बलुवाकोट के लेक गांव में जंगल से निकलकर एक मॉनिटर लिजर्ड (गोह) गांव में पहुंच गया। उसका सिर एक डिब्बे में फंस गया था और वह काफी देर से तड़प रहा था। गांव के प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका और कुशल पर्वतारोही जावंती पाण्डेय (जया) ने स्थानीय युवक भाष्कर के साथ मिलकर साहस दिखाया। दोनों ने सावधानीपूर्वक मॉनिटर लिजर्ड के सिर में फंसे डिब्बे को अलग किया और उसकी जान बचाई। जावंती पाण्डेय पिछले तीन दशक से अधिक समय से अध्यापन के साथ-साथ साहसिक खेलों को भी बढ़ावा दे रही हैं। कोविड महामारी के पहले चरण में 6 दिसंबर 2020 को उन्होंने 148 मीटर ऊंचे बिरथी जलप्रपात से उतरकर नया कीर्तिमान बनाया था और ‘इन्डिया बुक आफ रिकार्ड’ व ‘एशिया बुक आफ रिकार्ड’ में अपना नाम दर्ज कराया है। इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एण्ड एक्सप्लोरर्स ‘आईस’ की संस्थापक जया पांडेय साहसिक खेल के क्षेत्र में सैकड़ों युवक युवतियों को प्रशिक्षित कर चुकी हैं। स्थानीय लोग गोह को ‘ग्वाण’ नाम से जानते हैं, यह अत्यंत खतरनाक माना जाता है। ऐसे में इसके रेस्क्यू का कार्य बहुत खतरनाक था लेकिन अपनी दृढ इच्छाशक्ति के बल पर जया ने उसके रेस्क्यू का निर्णय ले लिया। वन्यजीव के प्रति संवेदनशीलता और साहस की यह तस्वीर लोगों के लिए प्रेरणादायक है।