• Home
  • News
  • Uttarakhand: Naib Nazir arrested while accepting a bribe of ₹3,500! Vigilance takes major action following a complaint.

उत्तराखण्डः 3,500 रुपये की रिश्वत लेते नायब नाजिर गिरफ्तार! शिकायत के बाद विजिलेंस ने की बड़ी कार्रवाई

editor
  • Awaaz Desk
  • July 16, 2026 10:07 AM
Uttarakhand: Naib Nazir arrested while accepting a bribe of ₹3,500! Vigilance takes major action following a complaint.

बाजपुर/हल्द्वानी। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को ऊधम सिंह नगर के बाजपुर सिविल कोर्ट (जूनियर डिवीजन) में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान (ओम बाबू) को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में राजीनामा दाखिल कराने और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद मौके पर कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। विजिलेंस टीम की कार्रवाई की जानकारी मिलने पर कई अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई को लेकर जानकारी मांगने लगे। इस दौरान कुछ देर कहासुनी भी हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता शाहिद, निवासी वार्ड नंबर-2, बाजपुर ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके खिलाफ एनआई एक्ट के तहत सिविल कोर्ट बाजपुर में एक मामला विचाराधीन था। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता (राजीनामा) हो चुका था और जब वह न्यायालय में राजीनामा दाखिल कराने पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कराने के उद्देश्य से विजिलेंस विभाग से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने पूरे मामले का प्राथमिक सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार विजिलेंस टीम ने आज 16 जुलाई 2026 को बाजपुर स्थित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की कथित रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
विजिलेंस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में हलचल मच गई। कुछ अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और विजिलेंस अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने लगे। इस दौरान कुछ देर बहस और कहासुनी भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और विजिलेंस टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को अपने साथ ले गई।


संबंधित आलेख: