• Home
  • News
  • Uttarakhand: NSUI protests over allegations involving 210 crores; effigy burnt in Bageshwar, demand raised for an investigation into the Rekha Arya case.

उत्तराखंड: 210 करोड़ के आरोपों पर NSUI का प्रदर्शन! बागेश्वर में फूंका पुतला, रेखा आर्य मामले में जांच की मांग

editor
  • Awaaz Desk
  • October 18, 2026 09:10 AM
Uttarakhand: NSUI protests over allegations involving 210 crores; effigy burnt in Bageshwar, demand raised for an investigation into the Rekha Arya case.

बागेश्वर। उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। मंत्री पर लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जुटाने के आरोपों को लेकर अब एनएसयूआई ने भी विरोध प्रदर्शन किया है। बागेश्वर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर भाजपा सरकार से पूरे मामले में स्पष्ट जवाब देने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। दरअसल, गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य पर लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से किसी जांच एजेंसी के माध्यम से मामले की जांच कराने की मांग की है। वहीं, मंत्री रेखा आर्य ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए किसी भी जांच के लिए तैयार रहने की बात कही है। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। बागेश्वर में प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मामला केवल दो व्यक्तियों के बीच का विवाद नहीं है, बल्कि प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री से जुड़े गंभीर आरोपों का है। ऐसे में सरकार को पूरे प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना चाहिए। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उनका कहना था कि जांच में यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


संबंधित आलेख: