• Home
  • News
  • Uttarakhand: On the wedding night, a bride drugged her husband and committed a robbery with four accomplices; the entire gang was preparing to flee in the morning when the family caught them.

उत्तराखण्डः शादी की पहली रात दुल्हन ने पति को बेहोश कर चार साथियों संग की लूट! सुबह भागने की तैयारी में था पूरा गिरोह, परिवार ने पकड़ा

editor
  • Awaaz Desk
  • September 25, 2026 07:09 AM
Uttarakhand: On the wedding night, a bride drugged her husband and committed a robbery with four accomplices; the entire gang was preparing to flee in the morning when the family caught them.

बहादराबाद। हरिद्वार जिले के बहादराबाद से शादी के बाद लूटपाट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी की पहली रात दुल्हन ने अपने पति को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और इसके बाद अपने चार साथियों के साथ मिलकर घर में रखी नकदी और अन्य सामान समेट लिया। सुबह जब परिवार के लोगों को दूल्हे की हालत देखकर शक हुआ तो उन्होंने आरोपितों के भागने से पहले उन्हें पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपितों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, अन्य सामान और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही बुलेरो गाड़ी को भी सीज कर दिया है। मामला बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव का है। गांव निवासी प्रवेश पुरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई योगेश पुरी की शादी बुधवार को मिर्जापुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी रुकमीना से हुई थी। शादी समारोह दौलतपुर में ही परिवार की मौजूदगी में हुआ था। रुकमीना की ओर से चार लोग भी शादी में शामिल हुए थे। दुल्हन ने इन सभी को अपना रिश्तेदार बताया था। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार शादी की रस्में पूरी होने के बाद परिवार के सभी लोग सोने चले गए।

आरोप है कि रात में रुकमीना ने अपने पति योगेश को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने अपने साथ आए लोगों के साथ मिलकर घर में रखी नकदी और अन्य सामान कथित रूप से चोरी कर लिया। परिवार को घटना की जानकारी उस समय हुई जब गुरुवार सुबह रुकमीना कुछ दिन बाद वापस लौटने की बात कहकर अपने साथ आए लोगों के साथ जाने लगी। इसी दौरान परिजनों ने योगेश को बेहोशी की हालत में देखा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तत्काल रुकमीना और उसके साथ मौजूद लोगों को रोक लिया। परिजनों ने आरोपितों की बुलेरो गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 70 हजार रुपये नकद और अन्य सामान मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रुकमीना समेत उसके साथ मौजूद चार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों की पहचान अब्दुल बारी निवासी पासिया राजा, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर, रागिनी पाल और पुनीत कुमार निवासी शिवनगर, थाना झिंझाना, जिला शामली तथा फतेह सिंह मीणा निवासी हबीबपुर, थाना सेवर, जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे शादी के बाद परिवार के लोगों को बेहोश कर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपितों ने इसी तरह की कई अन्य घटनाओं को अंजाम देने की बात भी बताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पांचों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 


संबंधित आलेख: