• Home
  • News
  • Uttarakhand: Opposition takes to the streets against paper leak incidents and the lathi-charge on students! Fierce protests against the government from Dehradun to Rudrapur.

उत्तराखंड: पेपर लीक मामलों और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर उतरा विपक्ष! देहरादून से रुद्रपुर तक सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन

editor
  • Awaaz Desk
  • July 25, 2026 10:07 AM
Uttarakhand: Opposition takes to the streets against paper leak incidents and the lathi-charge on students! Fierce protests against the government from Dehradun to Rudrapur.

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को उत्तराखण्ड में सियासत खासी गरमाती नजर आई। देहरादून से लेकर ऊधम सिंह नगर तक विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया। राजधानी देहरादून में पुलिस से तीखी झड़प के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत समेत दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर, ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंच गए, जिससे मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। राजधानी देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रेमनगर से आगे नंदा की चौकी के पास एकत्रित हुए। यहां से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी कार्यालय की ओर पैदल मार्च निकाला। जैसे ही प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई के प्रतिनिधियों और पुलिस बल के बीच तीखी नोंकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर मुख्य गेट और मौके पर खड़ी फायर ब्रिगेड की वाटर कैनन गाड़ी के ऊपर चढ़ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को तुरंत सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में होगा बड़ा आंदोलनः गोदियाल
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है। गोदियाल ने साफ चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दोषियों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पूरे राज्य में आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं, प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर सरकार समय रहते पेपर लीक माफियाओं पर सख्त कदम उठाती, तो आज युवाओं को जंतर-मंतर से लेकर देहरादून की सड़कों तक लाठियां नहीं खानी पड़तीं।

रुद्रपुर में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन
ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर गुस्सा फूटा। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पुलिस की भारी बैरिकेडिंग पार कर जिलाधिकारी कार्यालय के परिसर तक जा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं के अचानक अंदर घुसने से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।


संबंधित आलेख: