उत्तराखण्डः जौलजीबी मेला विवाद पर भड़का आक्रोश! बागेश्वर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका कांग्रेस विधायक हरीश धामी का पुतला
बागेश्वर। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुए विवाद की आंच अब बागेश्वर जनपद तक पहुंच गई है। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी के कथित व्यवहार के विरोध में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने गरुड़ स्थित गांधी चबूतरे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और विधायक हरीश धामी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ी है। कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्हें मंच पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया और जानबूझकर उनका माइक बंद कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। दूसरी ओर इस मामले में विधायक हरीश धामी पर कार्यक्रम के मंच पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। इस संबंध में जौलजीबी थाने में विधायक हरीश धामी समेत पांच अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। गरुड़ में प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि किसी भी सार्वजनिक और गरिमामयी मंच पर अभद्र भाषा का प्रयोग तथा अनुचित आचरण किसी भी कीमत में स्वीकार्य नहीं है। भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि वह अपने विधायक के इस व्यवहार के लिए प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही, कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से दर्ज मुकदमे के आधार पर विधायक और अन्य आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष व सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग दोहराई। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।