उत्तराखण्डः सोनप्रयाग में पुलिस की सख्ती! कतारबद्ध कर श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा केदारनाथ धाम
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। यात्रा पड़ाव सोनप्रयाग में भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को पुलिस सुरक्षा और व्यवस्थित कतारों के बीच गौरीकुंड होते हुए केदारनाथ धाम रवाना किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार सुबह से ही पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल सोनप्रयाग में तैनात रहा। यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर शटल सेवा प्वाइंट तक भेजा जा रहा है। इसके बाद यात्री शटल सेवा के माध्यम से गौरीकुंड पहुंच रहे हैं, जहां से वे पैदल यात्रा कर बाबा केदार के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से केदारनाथ धाम और पूरे पैदल यात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।