उत्तराखण्डः बीच सड़क पर पुलिसकर्मी ने दिखाई दबंगई! मारपीट का वीडियो वायरल, एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
चंपावत। जनपद के लोहाघाट थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी और कुछ लोगों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इधर मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी देवेन्द्र पिंचा ने सीओ चंपावत को जांच सौंप दी है। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी दूसरे शख्स को जमीन पर पटककर मारपीट करता दिख रहा है, इस दौरान मौके पर कुछ और लोग भी मौजूद हैं जो बीच-बचाव करते दिख रहे हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मी अवैध वसूली कर रहा था, जिसका विरोध करने पर उसने वहां मौजूद युवक के साथ मारपीट की, जबकि पुलिस कांस्टेबल मदन नाथ का कहना है कि वह सम्मन तामील कराने के लिए धुनाघाट जा रहे थे तभी पोखरी के पास सड़क किनारे 3 लोग शराब पी रहे थे जिनके द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज और मारपीट की गई तथा उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई। मारपीट में उन्हें चोट लगी है तथा अपने बचाव में उन्हें भी मारपीट करनी पड़ी, जिसकी उक्त लोगों ने वीडियो बना ली। वहीं वीडियो बना रहे लोग पुलिसकर्मी पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के द्वारा मारपीट के आरोपी स्वरूप निवासी पोखरी, अशोक मेहरा निवासी तयारसो को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। वहीं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने कहा की इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की पूरी जांच चंपावत सीओ द्वारा कराई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों व पुलिसकर्मी का उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में मेडिकल करवाया है। घटना की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही पता लग पाएगी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।