• Home
  • News
  • Uttarakhand: Public outrage grows over the death of a student in Dehradun! Thousands of farmers protest with Rakesh Tikait, demanding justice.

उत्तराखण्डः देहरादून में छात्र की मौत पर बढ़ता जनाक्रोश! राकेश टिकैत के साथ हजारों किसानों का प्रदर्शन, न्याय की उठी मांग

editor
  • Awaaz Desk
  • April 03, 2026 10:04 AM
Uttarakhand: Public outrage grows over the death of a student in Dehradun! Thousands of farmers protest with Rakesh Tikait, demanding justice.

देहरादून। राजधानी देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आज इस मामले को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के तराई इलाकों से हजारों किसान देहरादून पहुंचे और आशारोड़ी चेकपोस्ट पर शोक सभा के साथ विरोध प्रदर्शन भी किया। बता दें कि विगत 23 मार्च को देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस झड़प में मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले छात्र दिव्यांशु जटराना की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को आशारोड़ी चेक पोस्ट पर दिव्यांशु को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक सभा का आयोजन किया गया, जो देखते ही देखते बड़े विरोध प्रदर्शन में बदल गया। इस प्रदर्शन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, शामली, मेरठ, बड़ौत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बिजनौर के अलावा उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून से भी बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने दिव्यांशु को श्रद्धांजलि दी और उसके लिए न्याय की मांग उठाई। वहीं किसानों ने देहरादून में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार को लेकर भी कड़ा विरोध जताया। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि देहरादून को हमेशा एक शांत और शिक्षा नगरी के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन अब यहां का माहौल बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपने बच्चों को पढ़ने के लिए देहरादून भेजते हैं, लेकिन अगर ऐसी घटनाएं होती रहीं तो लोग अपने बच्चों को यहां भेजना बंद कर देंगे।
 


संबंधित आलेख: