उत्तराखण्डः बागेश्वर में बारिश और भूस्खलन ने बढ़ाई मुश्किलें! 11 मोटरमार्गों पर यातायात ठप, कई गांवों का संपर्क प्रभावित
बागेश्वर। जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर पहाड़ों से मलबा और बोल्डर सड़कों पर आ जाने के कारण जिले के कुल 11 मोटरमार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। मार्ग बंद होने से इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप है और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़कों के बंद होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीणों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। वहीं, सड़कें बंद होने के कारण जरूरी सामान की आवाजाही और दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका है। बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से बंद मोटरमार्गों को जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। जिन-जिन स्थानों पर सड़कों के बंद होने की सूचना मिल रही है, वहां विभागीय जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों को भेजकर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित मार्गों पर जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बागेश्वर पुलिस भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपात कक्ष को सक्रिय रखा गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में आगे भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही घरों से निकलने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।