उत्तराखण्डः रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली, मरीज परेशान! गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करने को मजबूर पहाड़ के लोग
रुद्रप्रयाग। जिला अस्पताल इन दिनों विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद रिक्त होने के कारण गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए देहरादून, ऋषिकेश और श्रीनगर का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल पहाड़ी क्षेत्र के लोगों के साथ ही यात्रा सीजन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर रही है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पायल गोयल का कहना है कि जिला अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। शासन स्तर से नियुक्तियां होने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर होने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि शासन कब तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करता है और जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं कब पूरी तरह पटरी पर लौटती हैं।