उत्तराखण्डः मसूरी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरी! यात्रियों में मची चीख-पुकार, पांच युवक घायल
मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार शाम गज्जी बैंड के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी को 108 एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया गया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर किया है। पुलिस के अनुसार बुधवार को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गज्जी बैंड के समीप स्कॉर्पियो एन वाहन संख्या यूपी 14जीएच-0248 अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस और फायर सर्विस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वाहन गहरी खाई में गिरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से वाहन में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान उज्जवल त्यागी, चिराग त्यागी, अभिषेक त्यागी, यश त्यागी और हनी त्यागी के रूप में हुई है। सभी रुहाना, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक युवक मसूरी घूमने के बाद देहरादून की ओर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में वाहन की तेज गति को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उप जिला चिकित्सालय मसूरी में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक डॉ. मयंक जावाठा के अनुसार पांचों घायलों का उपचार किया गया, जिनमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रकरण में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।