उत्तराखण्डः नहीं थमा युवाओं का आक्रोश! साथियों की रिहाई की मांग को लेकर शहीद स्मारक पर दिया धरना, कांग्रेसियों ने किया हंगामा
देहरादून। प्रदर्शनकारियों को रिहा करने की मांग को लेकर उत्तराखण्ड बेरोजगार संघ ने आज भी प्रदर्शन किया। इससे पहले आज सुबह संघ के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। वहीं अपने नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर 30 से 35 युवा शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे हैं। युवाओं के हंगामे को देखते हुए शहीद स्मारक के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं शहीद स्मारक पर युवाओं के आंदोलन को समर्थन देने जा रहे पूर्व सीएम हरीश रावत को पुलिस ने रोक दिया। इससे कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया।
उधर पुलिस मुख्यालय कूच करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस द्वारा ग्लोब चौक में रोका गया। काफी घंटे तक ग्लोब चौक में रोकने के बाद कार्यकर्ता प्रदर्शन समाप्त कर कांग्रेस भवन जाते वक्त पुलिस को चकमा देकर एश्ले हॉल चौक से परेड ग्राउंड की ओर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने परेड ग्राउंड के समीप कार्यकर्ताओं को रोका। राज्य आंदोलनकारियो ने शहीद स्थल पहुंचकर युवाओं से कहा कि आंदोलकारी उनके साथ हैं लेकिन शहीद स्थल का परिसर खाली करें। आंदोलनकारी युवाओं को समझाते रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। शहीद स्थल से मिलने जा रहे मुख्यमंत्री हरीश रावत को पुलिस द्वारा कांग्रेस भवन के बाहर चौक पर रोका गया।