• Home
  • News
  • Uttarakhand: The "Drug-Free Land of the Gods" campaign has achieved significant success! ANTF and Pantnagar police seized hashish worth lakhs and are preparing to crack down on the smuggling network.

उत्तराखंड: ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान को मिली बड़ी सफलता! एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस ने पकड़ी लाखों की चरस, तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी

editor
  • Awaaz Desk
  • June 04, 2026 09:06 AM
 Uttarakhand: The "Drug-Free Land of the Gods" campaign has achieved significant success! ANTF and Pantnagar police seized hashish worth lakhs and are preparing to crack down on the smuggling network.

रुद्रपुर। नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन वैभव सैनी एवं क्षेत्राधिकारी पंतनगर डीआर वर्मा के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया। बुधवार को रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पहले आरोपी सुमित सिंह चमयाल के कब्जे से 1 किलो 43 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जबकि दूसरे आरोपी योगेश लमगड़िया के पास से 107 ग्राम चरस मिली। दोनों आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस बरामद होने पर पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना पंतनगर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद चरस उन्हें चम्पावत के पाटी क्षेत्र निवासी नीरज बिष्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अब सप्लायर और उससे जुड़े अन्य तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों से चरस लाकर मैदानी इलाकों में इसकी आपूर्ति करने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह चमयाल निवासी चम्पावत तथा योगेश लमगड़िया निवासी नैनीताल के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद चरस के अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन की जांच से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है। साइबर और तकनीकी टीम मोबाइल डेटा का विश्लेषण कर रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में भी लगातार कार्रवाई करेगी।


संबंधित आलेख: