• Home
  • News
  • Uttarakhand: The final monsoon session of the Dhami government's tenure promises to be special! MLAs to gather in the Assembly before October 26; dates and venue to be finalized soon.

उत्तराखण्डः धामी सरकार के कार्यकाल का आखिरी मानसून सत्र होगा खास! 26 अक्टूबर से पहले विधानसभा में जुटेंगे विधायक, तारीख-स्थान जल्द तय

editor
  • Awaaz Desk
  • September 14, 2026 09:09 AM
Uttarakhand: The final monsoon session of the Dhami government's tenure promises to be special! MLAs to gather in the Assembly before October 26; dates and venue to be finalized soon.

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को 26 अक्टूबर से पहले आयोजित करने की तैयारी तेज कर दी है। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मानसून सत्र को 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किए जाने पर सहमति बनी थी। अब सत्र की तिथि और स्थान को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्तर पर पूरी की जानी है। सरकार की तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, सत्र की आधिकारिक तिथि और स्थान की घोषणा अभी बाकी है। सरकार के वर्तमान कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र माना जा रहा है। ऐसे में सत्र को लेकर सरकार की तैयारियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैंए लिहाजा इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों, नीतिगत फैसलों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार की ओर से सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पेश करने की भी तैयारी की जा रही है। अनुपूरक बजट की तैयारियों को लेकर वित्त विभाग ने सभी विभागों को पत्र भेजकर 18 सितंबर तक अपने बजट प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है। विभागों से प्रस्ताव मिलने के बाद अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सामान्य तौर पर सरकार अनुपूरक बजट को शीतकालीन सत्र में पेश करती रही हैए लेकिन इस बार मानसून सत्र में ही अनुपूरक बजट लाने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाना है और इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सत्र के लिए जल्द ही स्थान का चयन किया जाएगा। जिस स्थान पर सभी की सहमति बनेगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। विधानसभा के मानसून सत्र के स्थान को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर का विकल्प भी चर्चा में है। पिछले साल धामी सरकार ने मानसून सत्र का आयोजन गैरसैंण में किया था। ऐसे में इस बार भी भराड़ीसैंण में सत्र आयोजित किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
 


संबंधित आलेख: