उत्तराखण्डः पालिका कर्मियों की हड़ताल से बदहाल सफाई व्यवस्था पर हाईकोर्ट का हस्तक्षेप! नगर पालिका को पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का समाधान कर शहर को स्वच्छ बनाने के निर्देश
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में उधम सिंह नगर जिले के सुल्तानपुर पट्टी में पालिका कर्मियों की हड़ताल के कारण नगर में फैली गंदगी को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट की खंडपीठ ने नगर पालिका को आदेशित किया है कि कर्मचारी नेताओं की बैठक कर पर्यावरण मित्रों की न्यायोचित मांगों का जल्द से जल्द हल निकाला जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने एक सप्ताह बाद की तिथि नियत की है। बता दें कि उधम सिंह नगर के सुल्तानपुर पट्टी निवासी साजिद हुसैन ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर कहा है कि पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर में जहां-तहां कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जिससे सड़कों और गलियों से आम जनमानस का निकलना दुभर हो गया है। वहीं गर्मियों के चलते बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। याचिका में कोर्ट से प्रार्थना की गई है कि नगर पालिका से कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के आदेश जारी किए जाएं, जिससे आम जनमानस को राहत मिल सके।