उत्तराखण्डः प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज! विभाग ने जारी किया अलर्ट, तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आज 29 अप्रैल से 3 मई तक कई जगहों पर तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान वृक्षों, बागवानी और खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। इसके साथ ही विभाग ने खुले स्थानों पर वाहन व मवेशियों को न रखने की हिदायत दी है। तेज ओलावृष्टि से वाहन व मवेशी को नुकसान होने की संभावना है। अलर्ट के मुताबिक ही मौसम ने करवट भी बदल ली है और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही है आसमान मे भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं तेज बौछार के साथ भारी वर्षां का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने के अलावा कुछ जगहों पर अवशेष जमा होने के चलते सड़क अवरोध होने की संभावना भी जताई गई है।