उत्तराखण्डः नैनीताल हाईकोर्ट में शान से लहराया तिरंगा! मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने किया ध्वजारोहण, बागेश्वर में बारिश भी नहीं रोक पाई बच्चों का जज्बा
नैनीताल। देवभूमि उत्तराखण्ड में आज स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नैनीताल हाईकोर्ट में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कोर्ट परिसर में मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैथानी, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह समेत रजिस्ट्रार जनरल, महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर, सीएससी पुराण सिंह रावत, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य न्यायाधीश समेत सभी न्यायमूर्तियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के दौरान हाईकोर्ट की पुरानी परंपराओं को निभाने के साथ ही कुछ नई परंपराओं की भी शुरुआत की गई। पुलिसकर्मियों और कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं बागेश्वर के गरुड़ क्षेत्र में स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली, जो स्कूल से मुख्य बाजार तक पहुंची। जैसे ही बच्चों की झांकी गरुड़ बाजार में दाखिल हुई, अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई। इस बीच बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। बच्चों ने कई दिनों की तैयारी से आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रैलियों का आनंद बरकरार रखा।