उत्तराखण्डः पंतनगर एयरपोर्ट से भीमताल तक कड़ा सुरक्षा घेरा! पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नैनीताल दौरे पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
नैनीताल। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज गुरूवार को चार दिवसीय दौरे पर नैनीताल जनपद पहुंचे हैं। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस हल्द्वानी में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने उनका जोरदार स्वागत किया। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति दोपहर एक बजे पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से कार से सर्किट हाउस काठगोदाम पहुंचे। कुछ देर सर्किट हाउस में विश्राम करने के बाद कोविंद भीमताल को रवाना हो गए। रात्रि विश्राम भीमताल में करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार की सुबह 10ः50 बजे वह भीमताल से रामगढ़ को रवाना होंगे। 11ः40 बजे वह रामगढ़ में श्री रामचंद्र मिशन हिमालयन आश्रम सतखोल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शुक्रवार और शनिवार को वह सतखोल में ही रात्रि विश्राम करेंगे। आठ मार्च को कोविंद सुबह साढ़े दस बजे सतखोल से भीमताल होते हुए काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में पहुंचेंगे। यहां से वह पहले पंतनगर विश्वविद्यालय जाएंगे। बाद में वह पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां की गई हैं।