• Home
  • News
  • Uttarakhand: Tired of waiting for government machinery, the men and women of Moli-Rointha have picked up pickaxes and shovels—they are building the village road themselves!

उत्तराखण्डः सरकारी मशीनों का इंतजार छोड़ मोली-रोइंठा के महिला-पुरुषों ने थामी गैंती-फावड़ा! खुद बना रहे गांव की सड़क

editor
  • Awaaz Desk
  • November 27, 2026 08:11 AM
Uttarakhand: Tired of waiting for government machinery, the men and women of Moli-Rointha have picked up pickaxes and shovels—they are building the village road themselves!

चमोली। पहाड़ के दुर्गम गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए सालों-साल सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने और सिस्टम की राह ताकने के बजाय उत्तराखंड के चमोली जिले के एक गांव ने खुद ही अपनी तकदीर लिखने का फैसला कर लिया है। कर्णप्रयाग ब्लॉक की मोली-रोइंठा ग्राम सभा के ग्रामीणों ने न तो किसी सरकारी मशीन का इंतजार किया और न ही काम शुरू होने की किसी तारीख का। लंबे इंतजार से थक चुके महिला, पुरुष और युवाओं ने हाथ में गैंती-फावड़ा थामकर खुद ही 3.2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने का बीड़ा उठा लिया है। गुरुवार को गांव में इस ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत किसी सामान्य निर्माण कार्य की तरह नहीं, बल्कि एक भव्य उत्सव की तरह हुई। ग्रामीण पारंपरिक वाद्ययंत्रों ढोल-दमाऊ और नगाड़ों की थाप के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे। ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में पहले विधिवत भूमि पूजन किया गया और इसके बाद पूरे जोश व उत्साह के साथ ग्रामीणों ने पहाड़ काटकर रास्ता बनाने के लिए श्रमदान शुरू कर दिया। इस अनूठी मुहिम की सबसे खास बात यह है कि इसमें गांव के हर वर्ग की बराबर की भागीदारी देखने को मिल रही है। पुरुषों के साथ-साथ महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के सदस्य भी कंधे से कंधा मिलाकर पसीना बहा रहे हैं। भूमि पूजन और श्रमदान के दौरान ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर और ग्रामीण अवतार सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे। सभी का एक ही संकल्प है कि आपसी सहयोग और सामूहिक मेहनत के दम पर गांव तक सड़क पहुंचाने के वर्षों पुराने सपने को हर हाल में साकार किया जाए। मोली-रोइंठा के ग्रामीणों की यह पहल पहाड़ के अन्य गांवों के लिए भी आत्मनिर्भरता और एकजुटता की एक बड़ी मिसाल बन गई है। हालांकि, पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों में 3 किलोमीटर 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण अकेले श्रमदान से पूरा करना आसान नहीं होगा। इसके लिए तकनीकी सलाह, वन एवं अन्य जरूरी अनुमतियों तथा संबंधित विभागों के सहयोग की भी आवश्यकता पड़ेगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके इस जज्बे और जमीनी प्रयास को देखकर अब जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन भी नींद से जागेंगे और इस अधूरे सपने को पूरा करने के लिए आगे आएंगे। फिलहाल, ग्रामीणों ने अपने हौसले की कुदाल चला दी है।


संबंधित आलेख: