• Home
  • News
  • Uttarakhand: Tourists flock to the mountains to escape the scorching heat of the Terai region, with Nainital's cool breezes and pleasant weather adding to the charm.

उत्तराखण्डः तराई की चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने पहाड़ों की ओर उमड़े सैलानी, नैनीताल की ठंडी हवाओं और सुहाने मौसम ने बढ़ाई रौनक

editor
  • Awaaz Desk
  • May 09, 2026 10:05 AM
Uttarakhand: Tourists flock to the mountains to escape the scorching heat of the Terai region, with Nainital's cool breezes and pleasant weather adding to the charm.

नैनीताल। तराई और मैदानी इलाकों में लगातार बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर सरोवर नगरी नैनीताल में देखने को मिल रहा है, जहां पर्यटकों की बढ़ती आमद से शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल एक बार फिर गुलजार हो उठे हैं। नैनीताल की हरी-भरी वादियां, ठंडी हवाएं और प्राकृतिक सौंदर्य सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। वीकेंड और छुट्टियों के चलते यहां पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इस दौरान शहर की लगभग सभी प्रमुख पार्किंग पर्यटक वाहनों से भर चुकी हैं और माल रोड, नैनी झील, स्नो व्यू, टिफिन टॉप, केव गार्डन और आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल साफ देखी जा सकती है। नैनीताल पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए उन्होंने नैनीताल का रुख किया है। यहां की ठंडी हवाएं, सुहावना मौसम और शांत वातावरण उन्हें बेहद सुकून दे रहा है। दिल्ली से आई पर्यटक कनिका ने बताया कि नैनीताल का मौसम बेहद शानदार है और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य मन को सुकून देने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तपती गर्मी से राहत पाने के लिए नैनीताल से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती। वहीं लखनऊ से पहुंची पर्यटक श्वेता सिंह ने कहा कि नैनीताल की खूबसूरती हर बार अपनी ओर खींच लाती है। यहां का ठंडा मौसम और पहाड़ों की हरियाली मन को तरोताजा कर देती है। बता दें कि पिछले दिनों हुई बारिश ने मौसम को और अधिक सुहावना बना दिया है, जिससे यहां पहुंचने वाले सैलानी और अधिक उत्साहित नजर आ रहे हैं। सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में खुशनुमा मौसम पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी खुशी की लहर है। होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट संचालकों, टैक्सी चालकों और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछले महीने उनका कारोबार लगभग ठप पड़ा हुआ था, लेकिन अब मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ ही पर्यटकों की आमद में तेजी आई है। इससे उनका कारोबार फिर पटरी पर लौटने लगा है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि यदि मौसम इसी तरह सुहावना बना रहा और पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ती रही तो इस वर्ष पर्यटन सीजन पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर साबित होगा। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि नैनीताल की यही रौनक क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है और हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी हुई है। ऐसे में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही ने पूरे पर्यटन उद्योग में नई ऊर्जा भर दी है।


संबंधित आलेख: