• Home
  • News
  • Uttarakhand: Traffic on the Mussoorie-Dehradun route stalled for three hours due to debris and mud; a massive traffic jam ensued, leaving tourists, students, and locals—including those in ambulances—stranded.

उत्तराखण्डः मसूरी-देहरादून मार्ग पर मलबा और कीचड़ से तीन घंटे थमी रफ्तार! लगा लंबा जाम, एंबुलेंस समेत पर्यटक, छात्र और स्थानीय लोग फंसे

editor
  • Awaaz Desk
  • August 12, 2026 01:08 PM
 Uttarakhand: Traffic on the Mussoorie-Dehradun route stalled for three hours due to debris and mud; a massive traffic jam ensued, leaving tourists, students, and locals—including those in ambulances—stranded.

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास बुधवार को बारिश के बाद मलबा और कीचड़ आने से करीब तीन घंटे यातायात बाधित रहा। सड़क बंद होने से दोनों ओर करीब 5 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसमें दो एंबुलेंस समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र और पर्यटक फंस गए।बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से में गीली मिट्टी और दलदल बन गया था। लोक निर्माण विभाग ने तीन जेसीबी और रोड रोलर की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे बाद वन-वे यातायात शुरू किया गया और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को खोला जा सका। हालांकि कीचड़ के कारण वाहन चालकों की परेशानी बनी रही। कई दुपहिया वाहन फिसलने से हादसे का शिकार होने से बचे। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों में मसूरी में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने सड़क का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दिन में निर्माण कार्य होने से यातायात प्रभावित होता है, इसलिए भारी काम रात में कराया जाना चाहिए। लोनिवि के जेई प्रदीप सैनी ने बताया कि मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया गया है। प्रभावित हिस्से में दो लेन सड़क तैयार करने का काम किया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही बेहतर हो सके। पर्यटकों ने भी लगातार जाम लगने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे मसूरी की पर्यटन छवि प्रभावित हो रही है।


संबंधित आलेख: