• Home
  • News
  • Uttarakhand: Tragedy strikes a family traveling from Gadarpur to Rudrapur! Dumper hits motorcycle; woman killed.

उत्तराखण्डः गदरपुर से रुद्रपुर जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़! डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • August 13, 2026 09:08 AM
 Uttarakhand: Tragedy strikes a family traveling from Gadarpur to Rudrapur! Dumper hits motorcycle; woman killed.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। रिंग रोड अंडरपास पर एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 28 वर्षीय महिला गुलाफसा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके पति फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार करीब पांच वर्षीय बच्चा हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी के अनुसार गदरपुर के वार्ड नंबर नौ इस्लामनगर निवासी फरीद अपनी पत्नी गुलाफसा और करीब पांच वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार जब एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास रिंग रोड अंडरपास पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। गुलाफसा को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं फरीद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चे के सुरक्षित बच जाने से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और घायल फरीद को संभाला। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दिनेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। वहीं घायल फरीद का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय डंपर की गति कितनी थी और क्या चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

आधे घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करने का आरोप
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना था कि हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में आसपास के लोगों ने ही घायल फरीद को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। स्थानीय लोगों ने कहा कि गंभीर सड़क हादसों के दौरान घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने की शिकायत को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी।


संबंधित आलेख: