• Home
  • News
  • Uttarakhand: Tragic incident in Mussoorie! Brakes of a moving Tempo Traveller failed suddenly; driver saved passengers' lives by crashing the vehicle against the hillside.

उत्तराखण्डः मसूरी में दर्दनाक हादसा! चलते टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल, चालक ने पहाड़ी से टकराकर बचाई लोगों की जान

editor
  • Awaaz Desk
  • September 03, 2026 09:09 AM
Uttarakhand: Tragic incident in Mussoorie! Brakes of a moving Tempo Traveller failed suddenly; driver saved passengers' lives by crashing the vehicle against the hillside.

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार के पास गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब उत्तराखंड परिवहन निगम की टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ से टकरा दिया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जबकि एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टेंपो ट्रैवलर को सड़क पर पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। टेंपो ट्रैवलर के चालक ने बताया कि मसूरी से देहरादून की ओर जाते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन रफ्तार के कारण स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने टेंपो ट्रैवलर को पहाड़ की तरफ मोड़कर टकरा दिया। टक्कर के बाद वाहन पलट गया। चालक के अनुसार, यदि वाहन को पहाड़ की ओर न मोड़ा जाता और वह खाई की तरफ चला जाता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। एक यात्री ने बताया कि सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक टेंपो ट्रैवलर पलट गई। यात्रियों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला और वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


संबंधित आलेख: