• Home
  • News
  • Uttarakhand: Udham Singh Nagar Police returned 102 lost mobile phones to their owners! Success achieved through modern technology and surveillance; the owners were delighted.

उत्तराखण्डः ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 102 गुम हुए मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए! आधुनिक तकनीक और सर्विलांस से मिली सफलता, खिल उठे लोगों के चेहरे

editor
  • Awaaz Desk
  • July 15, 2026 01:07 PM
Uttarakhand: Udham Singh Nagar Police returned 102 lost mobile phones to their owners! Success achieved through modern technology and surveillance; the owners were delighted.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 102 गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। लाखों रुपये कीमत के एंड्रॉयड और आईफोन मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने पुलिस का आभार जताया और कहा कि उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी रुद्रपुर द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस आधुनिक तकनीक, सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण का उपयोग कर खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर रही है। जैसे ही किसी नागरिक द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराई जाती है, पुलिस तत्काल उस पर कार्रवाई शुरू करते हुए मोबाइल को सर्विलांस पर डाल देती है और उसकी लोकेशन का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। इसी अभियान के तहत एसओजी रुद्रपुर की टीम ने अथक प्रयासों और तकनीकी विशेषज्ञता की मदद से देश के विभिन्न राज्यों और स्थानीय क्षेत्रों से कुल 102 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। बरामद मोबाइलों में एंड्रॉयड और आईफोन दोनों शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इन सभी मोबाइलों की पहचान कर उनके वास्तविक मालिकों से संपर्क किया और उन्हें पुलिस कार्यालय बुलाकर उनके फोन वापस सौंप दिए। पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा। कई लोग अपने वर्षों या महीनों पहले खोए मोबाइल वापस मिलने पर बेहद खुश नजर आए। कुछ लोगों की आंखें खुशी से नम हो गईं। मोबाइल स्वामियों ने कहा कि उन्होंने अपने फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिस तत्परता और ईमानदारी से काम किया, वह सराहनीय है। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं या ऑनलाइन माध्यम से गुमशुदगी की सूचना दें, ताकि पुलिस समय रहते तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रैक कर सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रियता के कारण अब गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी की संभावना पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है।
 


संबंधित आलेख: