• Home
  • News
  • Uttarakhand: Under the ‘Seva Sankalp’ campaign in Udham Singh Nagar, ‘Aangan Ka Milan’ events will be organized at 2,388 Anganwadi centers; Minister Rekha Arya issues directives to officials.

उत्तराखण्डः ऊधम सिंह नगर में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत 2,388 आंगनबाड़ी केंद्रों पर सजेगा ‘आंगन का मिलन’! मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को दिए निर्देश

editor
  • Awaaz Desk
  • September 19, 2026 11:09 AM
Uttarakhand: Under the ‘Seva Sankalp’ campaign in Udham Singh Nagar, ‘Aangan Ka Milan’ events will be organized at 2,388 Anganwadi centers; Minister Rekha Arya issues directives to officials.

रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों और विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जिले में कुल 2,388 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक कुल 13 दिनों तक विभिन्न ब्लॉक स्तरों पर संचालित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पोषण तथा मातृ.शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग दिनों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें टीकाकरण एवं पोषण अभियान, संतुलित आहार को लेकर चर्चा, बाल गीत एवं कविताएं, सांस्कृतिक नृत्य, लोकनृत्य और लघु नाटिकाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित योजनाओं के साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी बताया जाएगा। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों को निर्धारित समय पर पूरा करने और आयोजन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत विभाग की उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके जरिए बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। 


संबंधित आलेख: