उत्तराखण्डः डीएवी पीजी कॉलेज में हंगामा! छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़े छात्र, हाथ में पेट्रोल की बोतल देख मचा हड़कंप
देहरादून। यहां डीएवी पीजी कॉलेज प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर कुछ छात्र मोबाइल टावर पर चढ़ गए। पेट्रोल की बोतल हाथ में लेकर टावर पर चढ़े छात्रों ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। छात्रों की इस हरकत से पुलिस प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। बुधवार को डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों के पेट्रोल की बोतल लेकर टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्रों को समझाने की बहुत कोशिश पुलिस अधिकारियों की ओर से की गई, लेकिन छात्र नहीं माने। फिलहाल छात्र अपनी मांगों को लेकर अडे हैं। वहीं मामले को लेकर पुलिस प्रशासन और कालेज प्रबंधन के बीच वार्ता जारी है।