• Home
  • News
  • Uttarakhand: Urmila Sanawar faces legal action from all sides! After being jailed in an extortion and intimidation case, a new case has now been registered against her.

उत्तराखण्डः उर्मिला सनावर पर चौतरफा कानूनी कार्रवाई! रंगदारी-धमकी के मामले में जेल जाने के बाद अब नया केस दर्ज

editor
  • Awaaz Desk
  • October 26, 2026 09:10 AM
Uttarakhand: Urmila Sanawar faces legal action from all sides! After being jailed in an extortion and intimidation case, a new case has now been registered against her.

देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सनसनीखेज दावों के बाद सुर्खियों में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रंगदारी और धमकी के मामले में जेल भेजे जाने के फौरन बाद अब उर्मिला पर एक राज्य के राज्यपाल, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व मानहानिकारक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज मुकदमों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है। देहरादून की नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, मोती बाजार निवासी सागर ने इस संबंध में तहरीर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर ‘सुजाता पॉल’ का लोगो अंकित है। इस वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के सामने बिना किसी न्यायिक आदेश या ठोस साक्ष्य के संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति, भाजपा के कद्दावर नेता और एक महिला पर बेहद गंभीर, आपत्तिजनक और व्यक्तिगत आरोप लगाती दिख रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि बिना आधार के इस प्रकार की बयानबाजी से संबंधित प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सामाजिक साख को गहरा धक्का पहुंचा है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश, वैमनस्य और अशांति फैलाने का प्रयास किया गया है। वीडियो के माध्यम से संबंधित महिला की निजता और गरिमा को भी ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर उर्मिला सनावर और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की विवेचना वरिष्ठ निरीक्षक राकेश रावत को सौंप दी है। गौरतलब है कि इससे पहले रविवार, 25 अक्टूबर को हरिद्वार की रानीपुर पुलिस ने उर्मिला को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की ओर से रंगदारी, धमकी और मानहानि की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। सलाखों के पीछे पहुंचने के बाद दर्ज हुए इस नए मामले ने उर्मिला सनावर की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।


संबंधित आलेख: