• Home
  • News
  • Uttarakhand: Video of brazen hooliganism in Haldwani goes viral! Police crack down hard on individuals intimidating passersby with belts; 4 youths arrested.

उत्तराखण्डः हल्द्वानी में सरेआम दबंगई का वीडियो वायरल! हाथों में बेल्ट लेकर राहगीरों को डराने वालों पर पुलिस का कड़ा प्रहार, 4 युवकों गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • August 15, 2026 09:08 AM
Uttarakhand: Video of brazen hooliganism in Haldwani goes viral! Police crack down hard on individuals intimidating passersby with belts; 4 youths arrested.

हल्द्वानी। हल्द्वानी में सड़क पर सरेआम हुड़दंग मचाकर राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में सामने आए दो नाबालिगों को पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने हुड़दंग में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। मामला हल्द्वानी के दो नहरिया रोड का है। बताया गया कि 14 अगस्त की शाम दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क पर सरेआम हुड़दंग कर रहे थे। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथों में बेल्ट लहराते हुए सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को डराते नजर आए। इस दौरान सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के बीच भी असहज स्थिति पैदा हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तत्काल पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य माध्यमों से वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच के दौरान दो नाबालिग भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने संरक्षण में लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड है, जिसका नंबर UK04AS-4102 बताया गया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने नियमानुसार सीज किया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल अजहर शामिल रहे।


संबंधित आलेख: