उत्तराखण्डः रुद्रपुर रोडवेज पर चाय की दुकान के सामने खूनी विवाद! सिर पर पत्थर से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट, तीन आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के पास हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक ने बरेली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। सिर पर पत्थर से किए गए वार के चलते घायल युवक को गंभीर हालत में रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला तरमीम कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की देर रात करीब 12ः30 बजे की है। रोडवेज के पास स्थित अमन टी स्टॉल के सामने वार्ड नंबर 22, रम्पुरा निवासी राजेश पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल का कुछ युवकों से विवाद हो गया। मृतक की मां सुनीता देवी द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने पहले राजेश के साथ अभद्र गाली-गलौज की और फिर अचानक हमलावर होते हुए उसके सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में राजेश लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राधिका अस्पताल, बरेली रेफर कर दिया गया। 31 अक्टूबर को बरेली में इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझते हुए राजेश ने दम तोड़ दिया। शुरुआत में पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संदीप शर्मा को सौंपी थी। घायल की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने धारा 109 बीएनएस को धारा 103(1) में तरमीम कर दिया। साथ ही सामूहिक रूप से वारदात को अंजाम देने के चलते मामले में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच करते हुए 31 अक्टूबर की शाम रोडवेज बस अड्डे के पास से पहले आरोपी चेतन वर्मा को दबोचा। इसके बाद उसकी निशानदेही पर आवास विकास स्थित शिव मंदिर के पास से प्रेम प्रशांत और गौरव कुमार को गिरफ्तार किया गया। मौके से पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद प्लेटिना बाइक को कब्जे में ले लिया, जिसके कागजात आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके। आरोपियों की पहचान चेतन वर्मा मूल निवासी ग्राम भटोली (चौखुटिया) अल्मोड़ा, प्रेम प्रशांत निवासी हरियाणा, गौरव कुमार निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल प्रवीण रावत, कांस्टेबल मोहन प्रकाश, उपनिरीक्षक प्रदीप पंत और एएसआई नवीन जोशी शामिल रहे।