उत्तराखण्डः फिर बिगड़ने वाला है मौसम का मिजाज! विभाग ने जारी किया अलर्ट
नैनीताल। उत्तराखण्ड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कल 20 जुलाई को प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसको लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इसी क्रम में मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल में 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21-22 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद स्तर पर सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन को नियंत्रित करने और आपदा, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्यवाही के लिए संबंधित तहसील, आपदा कंट्रोल रूम तथा आपातकालीन परिचालन केंद्र से क्षति सूचना को तत्काल आदान-प्रदान के लिए निर्देशित किया। बताया कि इस दौरान विभागीय नोडल अधिकारी एवं अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एडीबी तत्काल मार्ग खुलवाना सुनिश्चित करेंगे। सभी राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी अपने तैनाती क्षेत्र में मौजूद रहेंगे। समस्त चौकी, थाने भी आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस सेट आदि सहित हाई अलर्ट पर रहेंगे। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी मोबाइल स्विच ऑफ नहीं रखेंगे।