उत्तराखण्डः ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में मचा शादी का ड्रामा! मंडप सजने से पहले ही दुल्हन प्रेमी संग लेकर भागी, दूल्हे के परिवार को लगा झटका
बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां शादी से एक दिन पहले ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। दुल्हन के भागने की सूचना मिलते ही जहां परिजनों में हड़कंप मच गया, वहीं दूल्हे पक्ष के लोगों को झटका लग गया। अचानक हुई इस घटना से हर कोई हतप्रभ है और क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जानकारी के अनुसार बाजपुर शहर निवासी एक युवक की शादी यूपी के रामपुर जिले के एक गांव निवासी युवती के साथ तय हुई थी। दो नवंबर को शादी होनी थी। इसी के चलते दुल्हन पक्ष के लोगों को बाजपुर आकर रविवार को दिन में शादी की रस्म पूरी करनी थी। लड़का पक्ष की ओर से एक मैदान में शादी समारोह की तैयारियां की जा रही थीं। सूचना मिली कि दुल्हन शनिवार रात घर से अचानक गायब गई है। इसकी खबर मिलते ही दूल्हे को झटका लगा। इससे लड़के पक्ष की ओर से चल रही तैयारियों को ग्रहण लग गया। रविवार सुबह मैदान में लगाए टैंट को आनन-फानन में हटा दिया गया। घटना से लड़के पक्ष के परिवार में हलचल सी मच गई। परिवार के कुछ लोग पुलिस से शिकायत करने की बात कह रहे थे लेकिन संभ्रांत लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। बताते हैं कि दुल्हन और दूल्हा पक्ष के बीच सुलह हो गई है। फिलहाल चर्चाओं का बाजार गर्म है और हर कोई दुल्हन को कोस रहा है।