उत्तराखण्डः लालकुआं से झांसी को चली साप्ताहिक ट्रेन! सांसद भट्ट ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

लालकुआं। लालकुआं से झांसी को चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन को सांसद अजय भटट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट एवं मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बुधवार को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सांसद भटट ने बताया कि लालकुआं-झांसी ट्रेन ऑन डिमांड पर चलाई गई है। लोगों द्वारा इस रेलसेवा में अधिक से अधिक उपयोग करने पर इस रेल सेवा का भविष्य में स्थाई रूप से संचालन किया जायेगा। उन्होंने बताया यह ट्रेन लालकुआं से बरेली-कासगंज-मथुरा-आगरा व ग्वालियर होते हुये झांसी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण करने के साथ ही रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य सरकार द्वारा किये जा रहे हैं। लालकुआं रेलवे स्टेशन से भविश्य में लम्बी दूरी की ट्रेनां का संचालन किया जायेगा। साथ ही भविष्य में वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुपरफास्ट ट्रेनें भी चलाई जायेंगी। उन्होंने बताया कि लालकुआं से कामाख्या देवी (कलकत्ता) व काठगोदाम से प्रयागराज के लिए भी ट्रेन शीघ्र चलाई जायेगी। इससे उत्तराखण्ड का पर्यटन को बढावा मिलेगा होगी और वहीं प्रदेश का आर्थिक विकास भी होगा। श्री भटट ने झांसी रेलसेवा के प्रारम्भ होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
स्टेशन पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण
वहीं अमृत भारत योजना के तहत काठगोदाम रेलवे स्टेशन मे किये जा रहे कार्यों का सांसद अजय भटट ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य समय से पूर्ण ना होने उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा अमृत योजना तहत लालकुआं, रामनगर एवं काठगोदाम रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है जो आधुनिक एवं स्थानीय शैली में बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहल काठगोदाम रेलवे स्टेशन को 16 करोड़, लालकुआं को 29 करोड़ तथा रामनगर रेलवे स्टेशन को 10 करोड़ की लागत से कार्य किये जाने है। उन्होंने बताया कि काठगोदाम रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म में आवगमन हेतु लिफ्ट लगाई जा रही है। साथ ही यात्रियों के रात्रि विश्राम हेतु डोरमेट्री बनाई जा रही है यह कार्य फेज-1 के तहत किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि इसके बाद फेज-2 व 3 के कार्य किये जायेंगे। काठगोदाम रेलवे स्टेशन को भव्य एवं आधुनिक बनाया जायेगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री नवीन वर्मा, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, मजहर नईम नवाब, अरूण जोशी, धनसिंह बिष्ट, बॉबी सम्भल, राजकुमार सेतियां, संजीव शर्मा, स्टेशन अधीक्षक पुष्कर सिंह डीएस बोरा आदि उपस्थित थे।