• Home
  • News
  • Uttarakhand: Young woman abducted and gang-raped late at night in Rudrapur! Three men abducted her from Bhurarani Gate; teams are searching for the accused.

उत्तराखण्डः रुद्रपुर में देर रात युवती का अपहरण कर गैंगरेप! भूरारानी गेट से तीन युवकों ने उठाया, आरोपियों की तलाश में जुटीं टीमें

editor
  • Awaaz Desk
  • July 26, 2026 11:07 AM
Uttarakhand: Young woman abducted and gang-raped late at night in Rudrapur! Three men abducted her from Bhurarani Gate; teams are searching for the accused.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शनिवार देर रात तीन अज्ञात लोगों ने एक युवती का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। इधर इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रहने वाली एक युवती शनिवार देर शाम अपने दोस्तों के साथ घूमने निकली थी। बताया जाता है कि देर रात भूरारानी गेट के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने पीड़िता और उसके दोस्तों को घेर लिया और उन्हें बंधक बनाकर उन्हीं की बाईक से अज्ञात स्थान पर ले जाने लगे। इसी दौरान एक युवती और युवक ने बाइक से छंलाग लगा दी, जबकि पीड़िता और उसके दोस्त को तीनों अज्ञात आरोपी आगे ले जाने लगे। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट करते हुए उसे वहां से भगा दिया और उसका मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को लेकर अज्ञात स्थान पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। 

इधर आरोपियों के चंगुल से छुटकर आए पीड़िता के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी और पूरी कहानी बताई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया और रात भर युवती की तलाश जारी रही। बताया जाता है कि सुबह के समय युवती मेट्रोपॉलिस अंडरपास के पास से बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस युवती को लेकर कोतवाली पहुंची, जहां उससे घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली गयी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उसे कोतवाली में बैठा लिया। 

बताया जाता है कि मामले की सूचना पर एसएसपी अजय गणपति रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और पीड़िता से बातचीत की। एसएसपी अजय गणपति ने अधीनस्थ अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इधर फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिशें दे रही हैं। 

भूरारानी गेट के पास देर रात तक लगा रहता है नशेड़ियों का जमावड़ा
रुद्रपुर में शनिवार देर रात एक युवती का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप के मामले ने जहां महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं भूरारानी गेट पर देर रात तक अराजक तत्वों के जमावड़े को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक भूरारानी गेट के पास देशी शराब का ठेका होने के चलते आसपास कई होटल और कैंटीनों का संचालन हो रहा है। यही नहीं यहां देर रात तक सड़क किनारे गाड़ियों में प्याले से प्याले टकराए जाते हैं। जिससे हर रोज जाम जैसी स्थिति बनी रहती है और देर रात अराजक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस की नजर इसपर नहीं पड़ती है, जबकि आए दिन पुलिस की गाड़ियां शायरन बजाते हुए यहां से निकलती हैं। हांलाकि कई बार पुलिस चालानी कार्रवाई भी करती है, लेकिन जिस हिसाब होटल और कैंटीनों में प्याले से प्याले टकराए जाते हैं, उससे कई सवाल उठ रहे हैं। यहां कई बार विवाद और हो-हल्ला की खबरें भी सामने आती रहती हैं। यही नहीं इस मार्ग पर आए दिन मोबाइल झपट्टमारी की घटनाएं भी होते रहती हैं। दरअसल, देर रात युवती और उसके दोस्तों को भूरारानी गेट से ही उठाया गया था।  


संबंधित आलेख: