• Home
  • News
  • Uttarakhand: Young woman swept away by strong river current while getting photographed! Police and SDRF rushed her to the hospital, but she could not be saved.

उत्तराखण्डः फोटो खिंचवाते समय युवती नदी के तेज बहाव में बही! पुलिस-एसडीआरएफ ने अस्पताल पहुंचाया, नहीं बच सकी जान

editor
  • Awaaz Desk
  • August 16, 2026 12:08 PM
Uttarakhand: Young woman swept away by strong river current while getting photographed! Police and SDRF rushed her to the hospital, but she could not be saved.

देहरादून। देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा घूमने आई हरियाणा की एक 28 वर्षीय युवती की नदी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। युवती सहस्त्रधारा क्षेत्र में नदी के किनारे फोटो खिंचवा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार 15 अगस्त को कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने चौकी आईटी पार्क को सूचना दी कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक युवती नदी के बहाव में बह गई है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। बताया गया कि युवती सहस्त्रधारा क्षेत्र में घूमने आई थी और नदी के पास फोटो खिंचवा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्काल तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद पुलिस को जानकारी मिली कि युवती नदी के बहाव के साथ बहकर सहस्त्रधारा के पास पहुंच गई है। इसके बाद पुलिस टीम, एसडीआरएफ के जवानों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद युवती को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उस समय उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी। रेस्क्यू किए जाने के बाद युवती को बिना देरी किए एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका की पहचान नेहा आर्य (28) निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के निकट, कोतवाली नगर, जनपद पानीपत, हरियाणा के रूप में की है। घटना की जानकारी संबंधित परिजनों को देने की कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


संबंधित आलेख: