उत्तराखण्डः गदरपुर में महिला से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार! पुलिस ने बमनपुरी तिराहे से दबोचा आरोपी
गदरपुर। गदरपुर कोतवाली पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्राम बमनपुरी तिराहे से पकड़ा है। मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को कोतवाली गदरपुर में एक महिला ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गदरपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12ः30 बजे पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बमनपुरी तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश कुमार उर्फ खील्लू पुत्र भगवत, निवासी ग्राम अब्दुल्ला नगर, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में किसी थाने में कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजय कुमार, उपनिरीक्षक मेघा शर्मा, कांस्टेबल जीवन फुलेरा और लक्ष्मण कुमार शामिल रहे।