2027 फतह करने के लिए उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने कसी कमर: नैनीताल में बनी चुनावी रणनीति
नैनीताल। उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह में जिला युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने युवा पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति, सांगठनिक मजबूती और क्षेत्र के युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया।
बैठक के दौरान संगठन की ताकत का ब्योरा देते हुए राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी ने बताया कि राज्य में अब तक 2 लाख 68 हजार युवाओं को युवा कांग्रेस का सदस्य बनाया जा चुका है। घर-घर जाएगी कांग्रेस: सुरभि द्विवेदी ने आगामी कार्ययोजना का खुलासा करते हुए कहा कि ये सभी युवा सदस्य अब बूथ स्तर पर सक्रिय होंगे। वे घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे और वर्तमान विधायकों के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही, भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों और विफलताओं को जनता के बीच जाकर उजागर करने का काम भी यही युवा टीम करेगी। प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने प्रदेश की वर्तमान कानून व्यवस्था और आर्थिक स्थिति को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा पूरा देश भली-भांति जानता है कि महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार कितनी 'संवेदनशील' है। आज भी प्रदेश में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। प्रदेश में रोजगार के साधन न होने के कारण पहाड़ों से युवाओं का पलायन बदस्तूर जारी है। उत्तराखंड का पढ़ा-लिखा युवा आज नौकरी की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर है, लेकिन सरकार के पास रोजगार की कोई ठोस नीति नहीं है। बैठक में जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एक सुर में संकल्प लिया कि वे जनता की आवाज को दबाने नहीं देंगे। युवा कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य यहां के युवाओं और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा है। इस कार्यकारिणी बैठक के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नया जोश देखा जा रहा है। नेताओं का दावा है कि युवाओं की इस एकजुटता और जमीनी संघर्ष के दम पर कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।