• Home
  • News
  • Uttarakhand's weather takes a major U-turn: rain and hail in the mountains, while a strong storm wreaks havoc in the plains! An orange alert has been issued for several districts, with winds expected to reach speeds of up to 70 km per hour.

उत्तराखंड में मौसम का बड़ा यू-टर्नः पहाड़ों में बारिश-ओलावृष्टि तो मैदानों में तेज आंधी का कहर! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

editor
  • Awaaz Desk
  • May 29, 2026 08:05 AM
Uttarakhand's weather takes a major U-turn: rain and hail in the mountains, while a strong storm wreaks havoc in the plains! An orange alert has been issued for several districts, with winds expected to reach speeds of up to 70 km per hour.

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अचानक हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के अधिकांश जनपदों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने विशेष रूप से उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। अचानक मौसम खराब होने से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी.नालों के उफान पर आने का खतरा भी बढ़ सकता है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शेष जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आए अचानक बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश ने कई क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित भी किया है। 
 


संबंधित आलेख: