उपराष्ट्रपति चुनावः वोटिंग जारी, शाम को ही आयेगा रिजल्ट! प्रधानमंत्री मोदी ने किया मतदान, धनखड़ की स्थिति मजबूत
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद के लिए आज वोटिंग हो रही है। सुबह 10 बजे से शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। बताया जा रहा है कि वोटिंग प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद ही काउंटिंग शुरू होगी और देर शाम तक रिजल्ट आ जायेगा। बता दें कि एनडीए की ओर से जगदीप धनखड़ और विपक्ष की ओर से मार्गरेट अल्वा उम्मीदवार हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने वोट डाल दिया है उनके अलावा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी अपने मत का प्रयोग किया है। बता दें कि दोनों सदनों को मिलाकर कुल 788 सदस्य हैं। आंकड़ों के हिसाब से एनडीए कैंडिडेट और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ की स्थिति मजबूत दिख रही है। हांलाकि मार्गरेट अल्वा उनको टक्कर दे रहीं हैं।
यह भी बता दें कि अभी लोकसभा में 543 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में 245 में से 8 सीटें खाली हैं। यानी निर्वाचन मंडल 780 सांसदों का है। ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव से दूर रहने की बात कही है। TMC के 36 सांसद हैं। इस तरह 744 सांसद वोटिंग में हिस्सा लेंगे। अगर यह सभी सांसद वोटिंग में हिस्सा लेते हैं तो बहुमत का आंकड़ा 372 रहेगा।
यहां यह बताना भी जरूरी है कि भाजपा के अपने 394 सांसद हैं, यह संख्या बहुमत के आंकड़े से ज्यादा है। इस तरह से देखा जाए तो BJP अकेले ही जगदीप धनखड़ को जितवा सकती है। उधर, बात NDA की करें तो 441 सांसद हैं, 5 मनोनीत का भी साथ मिला हुआ है। इस तरह से धनखड़ के पक्ष में 446 वोट हो जाते हैं। इन सभी वोटों से NDA जीत के अंतर बढ़ाना चाहेगी।