जीत का जश्नः तेलंगाना में कांग्रेस का जलवा! कार्यकर्ताओं में चौतरफा उत्साह, खुशी में दूध से किया सोनिया गांधी का अभिषेक
नई दिल्ली। तेलंगाना विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, फिलहाल रूझानों में कांग्रेस को खासी बढ़त मिलती दिख रही है। कार्यकर्ताओं में पूरे नतीजे आने से पहले ही चौतरफा उत्साह का माहौल है। खुशी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के पोस्टर पर दूध डालकर जश्न मनाया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष नेताओं के बड़े पोस्टर पर दूध से अभिषेक करने के लिए सुबह से ही जुटे थे। तेलंगाना में स्थापना के समय से ही केसी राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS), जिसे पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) कहा जाता था, की सरकार रही है। इस बार विधानसभा चुनाव में भी बीआरएस को उम्मीद थी कि जनता उनको फिर दोहराएगी और सत्ता पर बरकरार रखेगी, लेकिन रविवार को शुरू हुए मतगणना में 11.30 बजे तक के रुझानों के मुताबिक राज्य की 119 सीटों में कांग्रेस 69 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ बीआरएस 37 सीटों तक ही सीमित है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह का माहौल है। कांग्रेस को तेलंगाना में सत्ता मिलती दिख रही है। राज्य बीजेपी की भी सीटें बढ़ रही हैं और पार्टी 10 सीटों पर आगे चल रही है।